लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट को लेकर ली बैठक, कहा – हमारी सरकार जो कहती है उसे पूरा करती है
राजसमंद।
उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी सोमवार सुबह ऐतिहासिक कुंभलगढ़ दुर्ग पहुंचीं, जहां उन्होंने महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट को लेकर अहम बैठक ली। इस दौरान राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लाखावत, विधायकगण सुरेंद्र सिंह राठौड़, विश्वराज सिंह मेवाड़, प्रताप भील, पर्यटन विभाग आयुक्त आईएएस रुक्मणी रियार, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, समाजसेवी माधव जाट सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
राजस्थान के इतिहास का बड़ा कार्य होगा टूरिस्ट सर्किट – उप मुख्यमंत्री
बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि –
“हमारी सरकार जो कहती है उसे पूरा करती है। महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट पर तेजी से काम होगा और यह राजस्थान के इतिहास का एक ऐतिहासिक प्रोजेक्ट साबित होगा।”
उन्होंने बताया कि इस सर्किट में कुंभलगढ़ को भी शामिल किया जाएगा और कंसल्टेंट प्लानर को जल्दी ही प्लान को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रतिनिधियों के सुझाव होंगे शामिल
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और विभिन्न वर्गों द्वारा दिए गए सुझावों को सर्किट के अंतिम प्लान में शामिल करने का पूरा प्रयास होगा। उन्होंने पर्यटन विकास के साथ-साथ प्रदेश के हर क्षेत्र में प्रगति लाने पर जोर दिया।
धरोहर प्राधिकरण और विधायकों के सुझाव
राजस्थान धरोहर प्राधिकरण अध्यक्ष ओंकार सिंह लाखावत ने कहा कि प्लान को अंतिम रूप देकर जल्द टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ ने आग्रह किया कि –
“केवल पर्यटन पर ही फोकस न रहे, बल्कि महाराणा प्रताप के जीवन के पहलुओं को भी सटीक और संतुलित ढंग से प्रस्तुत किया जाए।”
कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ ने भी स्थानीय समस्याओं और पर्यटन विकास पर अपने सुझाव दिए।
प्रेजेंटेशन और भविष्य की योजनाएं
कंसल्टेंट की ओर से गोगुंदा, हल्दीघाटी, दीवेर, छापली, चित्तौड़गढ़, उदयपुर और कुंभलगढ़ सहित विभिन्न स्थलों पर विकास कार्यों का प्रेजेंटेशन दिया गया।
साथ ही, भविष्य में पेलेस ऑन व्हील्स और महाराजा एक्सप्रेस की तर्ज पर महाराणा प्रताप के जीवन से जुड़े स्थलों के बीच ट्रेन चलाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
100 करोड़ का प्रावधान
गौरतलब है कि राज्य सरकार ने बजट घोषणा में 100 करोड़ रुपये की राशि महाराणा प्रताप टूरिस्ट सर्किट के लिए घोषित की है, जिस पर तेज़ी से काम शुरू किया गया है।