लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
नाथद्वारा में 23 करोड़ 42 लाख की लागत से निर्मित म्यूजियम, पुष्टिमार्गीय विरासत का अद्भुत संगम
राजसमंद।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने रविवार शाम भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा कृष्णा सर्किट अंतर्गत 23 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से नाथद्वारा में निर्मित ‘म्यूजियम ऑफ ग्रेस’ का अवलोकन किया। इस अवसर पर नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़, जिलाध्यक्ष जगदीश पालीवाल, समाजसेवी माधव जाट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
गौरवमयी विरासत का प्रदर्शन
अवलोकन के दौरान पुष्टिमार्गीय वल्लभ संप्रदाय के इतिहास और माहात्म्य को भव्य चित्रों, श्रव्य एवं दृश्य माध्यमों से विस्तारपूर्वक प्रस्तुत किया गया। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि –
“इस म्यूजियम का अधिकाधिक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि आमजन यहां आकर गौरवमयी इतिहास को समझ सकें।”
पर्यटन उप निदेशक शिखा सक्सेना ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से बताया कि म्यूजियम का उद्देश्य श्रद्धालुओं और पर्यटकों को पुष्टिमार्गीय विरासत से जोड़ते हुए एक गहन आध्यात्मिक अनुभव प्रदान करना है। इसमें श्रीनाथजी की सेवा, वल्लभ-कुल की परंपराएं और भक्ति उत्सवों को क्रमबद्ध रूप से प्रस्तुत किया गया है।
छात्रा ने कविता सुनाकर जीता दिल
अवलोकन के दौरान गुरुकुल कंसेप्ट एजुकेशन स्कूल की कक्षा 7वीं की छात्रा माद्री सिंह ने उपमुख्यमंत्री के समक्ष “मैं स्त्री हूं, मैं नारी हूं” कविता का भावपूर्ण पाठ किया।
इस कविता के माध्यम से छात्रा ने स्त्री की शक्ति, त्याग और समाज में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुति और आत्मविश्वास से उपस्थित सभी लोग भावविभोर हो गए।
उपमुख्यमंत्री ने छात्रा की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा –
“नई पीढ़ी में इस प्रकार की रचनात्मकता और आत्मविश्वास समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की क्षमता रखते हैं।”
उन्होंने छात्रा को आशीर्वाद देते हुए जीवन में आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दीं।