लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
‘उमंग’ नवप्रवेशार्थी समारोह में छात्राओं से आत्मनिर्भर बनकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का किया आह्वान
नागौर | उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी ने मंगलवार को तेजास्थली, मारवाड़ मूंडवा स्थित वीर तेजा महिला शिक्षा एवं शोध संस्थान द्वारा संचालित वीर तेजा महिला बी.पी.एड. महाविद्यालय के नवीन भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आयोजित नवप्रवेशार्थी स्वागत समारोह ‘उमंग’ में उन्होंने छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
दीया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि वीर तेजा महिला शिक्षा एवं शोध संस्थान बालिका शिक्षा का महत्वपूर्ण केंद्र है। उन्होंने कहा कि यदि बेटियों को हर क्षेत्र में समान अवसर मिलें तो वे समाज और राष्ट्र की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकती हैं। उन्होंने कहा कि बेटियां देश और प्रदेश का भविष्य हैं और उनका वर्तमान बेहतर बनाना समाज एवं सरकार की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में राज्य सरकार महिला शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रही है।
खेल शिक्षा से बढ़ेंगे युवाओं के अवसर : सुमित गोदारा
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्थानीय भाषा मारवाड़ी और हिन्दी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा का भी ज्ञान अर्जित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बी.पी.एड. महाविद्यालय के संचालन से क्षेत्र में खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को खेल एवं शारीरिक शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।
भवरसिंह डांगावास के योगदान को किया याद
संस्थान के संरक्षक एवं राज्य किसान आयोग के अध्यक्ष सी.आर. चौधरी ने स्वर्गीय भवरसिंह डांगावास के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके दूरदर्शी संकल्प का ही परिणाम है कि आज यह संस्थान बालिका शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग करने वाले सभी भामाशाहों का अभिनंदन करते हुए समाज से निरंतर सहयोग की अपील की।
अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य रहे मौजूद
समारोह में माधोदास मोदी, अभयमल लोढ़ा और दिनेश तरड़ विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने नवीन भवन के लोकार्पण पर संस्थान परिवार को बधाई देते हुए छात्राओं को लक्ष्य निर्धारित कर मन लगाकर अध्ययन करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विधायक रेवंत राम डांगा, विधायक लक्ष्मणराम कलरू, पूर्व विधायक मोहनराम चौधरी, सुखराम नतेडिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संस्थान की ओर से मुख्य कार्यकारी अध्यक्ष संजीव सिंह डांगावास, उपाध्यक्ष रामकिशन जिंजा, सचिव जस्साराम धोलिया, सह सचिव सम्पतराम, कोषाध्यक्ष भंवरलाल सियाग सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने अतिथियों का स्वागत किया।
समारोह के दौरान नवप्रवेशी छात्राओं का स्वागत एवं सम्मान किया गया। कार्यक्रम में शिक्षाविद, अभिभावक, छात्राएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।