लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्थान निकाय चुनाव: सुबह 10 बजे तक 26.45% मतदान, पहाड़ी में सबसे ज्यादा वोटिंग
जयपुर। राजस्थान में 162 नगर निकायों के चुनाव के लिए मतदान जारी है। सुबह 10 बजे तक प्रदेश में करीब 26.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। शुरुआती घंटों में कई मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की कतारें देखने को मिलीं।
सुबह 10 बजे तक डीग जिले की पहाड़ी नगर पालिका में सबसे ज्यादा 51.26 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं डूंगरपुर नगर परिषद में सबसे कम 14.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
इन निकायों में भी तेज मतदान
धौलपुर जिले के सैपऊ में सुबह 10 बजे तक 48.87 प्रतिशत मतदान हुआ। डीग के सीकरी में 48 प्रतिशत, गुड़ामालानी में 41.23 प्रतिशत, जसोल में 34.49 प्रतिशत और मसूदा में 38.28 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
जयपुर में भी मतदाताओं में उत्साह
राजधानी जयपुर में भी कई नगर निकाय क्षेत्रों में मतदाता सुबह से ही मतदान के लिए पहुंच रहे हैं। वाटिका में करीब 32 प्रतिशत, मनोहरपुर में 28.26 प्रतिशत, फागी में 35.39 प्रतिशत, चाकसू में करीब 30 प्रतिशत और चौमूं में 24.43 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
वहीं बाड़मेर नगर परिषद में सुबह 10 बजे तक करीब 23 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
शाम 6 बजे तक होगा मतदान
प्रदेश में नगर निकाय चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से शुरू हुआ है, जो शाम 6 बजे तक जारी रहेगा। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ निर्वाचन विभाग की ओर से शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।
मतदान प्रतिशत में दिन बढ़ने के साथ तेजी आने की संभावना है। अब सभी की नजरें दोपहर और शाम तक सामने आने वाले मतदान प्रतिशत पर टिकी हैं।
