लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गहलोत पर सीएम भजनलाल का हमला, बोले- कांग्रेस नेताओं की गणित कमजोर तो ट्यूशन देने को तैयार
कोटा । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि उन्हें सवाल उठाने के बजाय अपने शासनकाल में हुए पेपरलीक, भ्रष्टाचार और अनियमितताओं पर जनता को जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के दौरान हुए जेजेएम घोटाले में मंत्री और अधिकारी तक आज जेल में हैं।
कोटा में जनसभा और रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के संकल्प पत्र में 4 लाख सरकारी नौकरियां देने के वादे का मजाक उड़ाया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में भर्ती परीक्षाओं के पेपरलीक से युवा खून के आंसू रोता रहा।
‘आप आंकड़े गिनते रहें, हम युवाओं को नौकरी देते रहेंगे’
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा, “हम युवाओं को नौकरी दे रहे हैं, आप आंकड़े गिनते रहें। फिर भी आपकी गणित कमजोर है तो हम ट्यूशन देने को तैयार हैं।” उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत वादे ढाई वर्ष में ही पूरे कर दिए हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में प्रदेश को विकास के बजाय भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और अव्यवस्था का सामना करना पड़ा। चुनाव के समय जिन योजनाओं और विकास कार्यों के नाम पर कांग्रेस जनता से वोट मांगती थी, उन पर वर्षों तक काम नहीं हुआ।
बिजली और पानी के क्षेत्र में सरकार के काम गिनाए
मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश बिजली की कमी से जूझता था, जबकि भाजपा सरकार ने बिजली उत्पादन बढ़ाने पर तेजी से काम किया। उन्होंने दावा किया कि अब राजस्थान बिजली खरीदने की बजाय दूसरे राज्यों को बिजली देने की स्थिति में पहुंच रहा है।
उन्होंने कहा कि वर्षों से लंबित जल परियोजनाओं को भी धरातल पर उतारा जा रहा है और प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विकास को गति दी जा रही है।
‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ को बताया उपलब्धि
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने राजनीतिक तुष्टिकरण के चलते जयपुर, जोधपुर और कोटा में नगर निगमों का विभाजन किया, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और विकास कार्य प्रभावित हुए।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने तीनों शहरों में फिर से एक-एक नगर निगम बनाने और ‘वन स्टेट, वन इलेक्शन’ की दिशा में कदम बढ़ाने का काम किया है। इससे सरकारी संसाधनों और जनता पर पड़ने वाले अतिरिक्त वित्तीय भार को कम करने में मदद मिलेगी।
कोटा एयरपोर्ट का मुद्दा भी उठाया
भजनलाल शर्मा ने कहा कि कोटा और हाड़ौती के विकास के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला लगातार प्रयासरत हैं। कोटा में लंबे समय से चली आ रही एयरपोर्ट की मांग अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रही है। सड़क, औद्योगिक क्षेत्र और अन्य आधारभूत सुविधाओं के विकास में भी तेजी आई है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य में समान विचारधारा की सरकार तथा क्षेत्र को मजबूत नेतृत्व मिलने से विकास कार्यों को गति मिलती है। उन्होंने निकायों और पंचायतों में भी भाजपा को मजबूत करने की अपील करते हुए कहा कि डबल इंजन की सरकार के साथ तीसरा इंजन जुड़ने से केंद्र और राज्य की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक तेजी से पहुंच सकेगा।
इस दौरान शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, ऊर्जा राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी सहित भाजपा नेता, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।