Home latest राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जयपुर में कांग्रेस का उग्र...

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जयपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन, अशोक गहलोत समेत कई नेता हिरासत में

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में जयपुर में कांग्रेस का उग्र प्रदर्शन,

जयपुर। नई दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई विपक्षी नेताओं की हिरासत के विरोध में मंगलवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में कांग्रेस सड़क पर उतर आई। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं, विधायकों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने अंबेडकर सर्किल पर जोरदार प्रदर्शन किया।

गहलोत ,डोटासरा समेत कई नेता हिरासत में

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, गोविंद सिंह डोटासरा, कांग्रेस विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर विद्याधर नगर थाने पहुंचाया। बाद में सभी को छोड़ दिया गया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि “लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज़ को लाठी और गिरफ्तारी के दम पर दबाने की कोशिश की जा रही है। यह लोकतांत्रिक व्यवस्था नहीं, बल्कि तानाशाही की निशानी है।”

सरकार धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा ले

गहलोत ने कहा कि दिल्ली में छात्रों के आंदोलन पर पुलिस कार्रवाई और कांग्रेस नेताओं के साथ हुई कथित मारपीट बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं के सवालों से भाग रही है। उनका कहना था कि पेपर लीक, नीट और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों ने लाखों युवाओं का भविष्य संकट में डाल दिया है।

उन्होंने मांग की कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा दें, परीक्षा प्रणाली को पूरी तरह पारदर्शी बनाया जाए तथा पेपर लीक और परीक्षा अनियमितताओं में शामिल दोषियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।

डोटासरा ने लगाया तानाशाही का आरोप

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि कांग्रेस युवाओं के अधिकारों की लड़ाई सड़क से संसद तक लड़ती रहेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार विरोध की हर आवाज़ को दबाने का प्रयास कर रही है, लेकिन कांग्रेस पीछे हटने वाली नहीं है।

दिल्ली में राहुल गांधी और अन्य नेताओं की हिरासत के विरोध में हुए इस प्रदर्शन ने राजस्थान की राजनीति को भी गरमा दिया है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि यदि युवाओं के मुद्दों पर सरकार ने ठोस कदम नहीं उठाए, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version