लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उन्हेल (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के विश्व प्रसिद्ध उन्हेल नागेश्वर जैन तीर्थ में शनिवार से चातुर्मास का शुभारंभ हुआ। चार माह तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस वर्ष का चातुर्मास साध्वी राजरत्नश्रीजी म.सा., साध्वी जिनकीर्तिश्रीजी म.सा. एवं साध्वी देशनाकीर्तिश्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में आयोजित किया जा रहा है।
बैंड-बाजों के साथ निकली मंगल प्रवेश शोभायात्रा
चातुर्मास के अवसर पर साध्वी मंडल का भव्य मंगल प्रवेश आलोट रोड स्थित गौशाला से हुआ। इस दौरान बैंड-बाजों के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु भक्ति भाव से नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए।
नगर के प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं ने चावल की गंवली कर साध्वी मंडल का स्वागत एवं अभिनंदन किया। जैन समाज के विभिन्न संगठनों और श्री संघों ने गुरु भगवंतों की आगवानी कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
आराधना भवन में शुरू हुए मांगलिक प्रवचन
मंगल प्रवेश के बाद आराधना भवन में श्रद्धालुओं और आराधकों की उपस्थिति में साध्वी श्री के मांगलिक प्रवचन प्रारंभ हुए। दोपहर में श्री पार्श्वनाथ पंचकल्याणक महापूजन का आयोजन किया गया।
संध्याकाल में भगवान की भव्य अंगरचना और रात्रि भक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, धार्मिक आराधना, स्वाध्याय और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
देशभर से पहुंचेंगे श्रद्धालु
नागेश्वर तीर्थ पेढ़ी कमेटी के अनुसार चार माह तक चलने वाले इस चातुर्मास में देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आराधक पहुंचेंगे।
ट्रस्ट सचिव धर्मचंद जैन ने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया।
जैन संगठनों ने किया साध्वी मंडल का स्वागत
साध्वी श्री राजरत्नाश्रीजी म.सा., जिनकीर्तिश्रीजी म.सा. और देशनाकीर्तिश्रीजी म.सा. के ऐतिहासिक मंगल प्रवेश के अवसर पर जैन श्री संघ, नागेश्वर तीर्थ पेढ़ी, नवरत्न परिवार, जैन सोशल ग्रुप, कुशल विचक्षण बहु मंडल, नवरत्न महिला मंडल, नवरत्न बालिका मंडल सहित विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भव्य स्वागत किया।
चातुर्मास के शुभारंभ के साथ ही उन्हेल नागेश्वर तीर्थ में आगामी चार माह तक धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक गतिविधियों का विशेष वातावरण देखने को मिलेगा।