लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। नगर निगम की टीम ने शनिवार को रेड क्रॉस सर्किल के पास बड़ी कार्रवाई करते हुए ट्रस्ट की जमीन पर बने अतिक्रमण को हटाया। इस दौरान 4 दुकानों और एक गोदाम को बुलडोजर से ध्वस्त किया गया।
नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई ने बताया कि संबंधित जमीन एक ट्रस्ट को धार्मिक उपयोग के लिए दी गई थी, जहां धर्मशाला और सत्संग भवन का निर्माण होना था। लेकिन वहां अवैध रूप से दुकानें और गोदाम बनाकर व्यावसायिक उपयोग किया जा रहा था, जिसको लेकर निगम को शिकायत प्राप्त हुई थी।
नोटिस के बाद की कार्रवाई
आयुक्त ने बताया कि अतिक्रमण करने वालों को 10 दिन पहले नोटिस जारी किया गया था, लेकिन निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद निगम टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए पक्के निर्माणों को तोड़ दिया।
पहले खाली करवाए गए दुकानें
कार्रवाई से पहले नगर निगम ने दुकानों को खाली करवाया, ताकि किसी प्रकार का नुकसान या हादसा न हो। इसके बाद बुलडोजर से निर्माण ध्वस्त किए गए।
विरोध के बीच कार्रवाई
कार्रवाई के दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध करते हुए और समय देने की मांग की, लेकिन नगर निगम ने संभावित स्टे की स्थिति को देखते हुए तुरंत कार्रवाई को अंजाम दिया।
अब शुरू होंगे विकास कार्य
नगर निगम ने बताया कि अतिक्रमण हटाने के बाद अब यहां ड्रेनेज और सड़क निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा, जो पहले अतिक्रमण के कारण रुका हुआ था।