लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर। जिले के रायसिंहनगर उपखंड के छोटे से गांव 82 आरबी के युवा कलाकार आर्यन बिश्नोई ने अपनी डेब्यू फिल्म “ऑफलाइन” के साथ फिल्मी दुनिया में कदम रखते ही बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फिल्म के रिलीज होते ही क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल बन गया है।
3 अप्रैल 2026 को हनुमानगढ़ के एवीएस सिनेमा में फिल्म का पहला शो प्रदर्शित किया गया, जहां दर्शकों की भारी भीड़ उमड़ी। इस खास मौके पर आर्यन के पिता आत्माराम बिश्नोई परिवार सहित मौजूद रहे और बेटे की सफलता पर गर्व जताया।
संघर्ष और मेहनत का परिणाम
आर्यन बिश्नोई ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा अपने पिता के विद्यालय बी.आर. मॉडल उच्च माध्यमिक विद्यालय, 82 आरबी से प्राप्त की। बचपन से अभिनय के प्रति जुनून रखने वाले आर्यन ने अपनी मेहनत और लगन से यह मुकाम हासिल किया है।
सामाजिक संदेश से जुड़ी फिल्म
फिल्म “ऑफलाइन” का निर्देशन विजय सुथार ने किया है। यह फिल्म केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला आत्मरक्षा (सेल्फ डिफेंस) जैसे महत्वपूर्ण विषय पर आधारित है, जो समाज को एक मजबूत संदेश देती है।
बड़े नेताओं ने किया पोस्टर विमोचन
फिल्म को उस समय और भी खास पहचान मिली जब इसके पोस्टर का विमोचन राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और शिव विधायक रविंद्र सिंह भाटी द्वारा किया गया।
गांव में जश्न का माहौल
आर्यन की इस उपलब्धि से गांव और आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र का गौरव बताते हुए आर्यन को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
छोटे से गांव से बड़े पर्दे तक पहुंचने की यह कहानी युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है, जो यह साबित करती है कि कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से हर सपना पूरा किया जा सकता है।
