लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गंगधार, झालावाड़। जिले के गंगधार उपखंड क्षेत्र की ग्राम पंचायत मुख्यालय कुंडला में भूमि सुपोषण और संरक्षण अभियान कार्यक्रम का आयोजन एन.एम. सदगुरु वाटर एंड डवलपमेंट फाउंडेशन चौमहला द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा भूमि की उर्वरता बनाए रखने के लिए रासायनिक उर्वरकों के स्थान पर जैविक खाद के उपयोग पर जोर दिया गया। बताया गया कि लगातार रासायनिक दवाओं और उर्वरकों के उपयोग से मिट्टी की उत्पादन क्षमता प्रभावित हो रही है, इसलिए वर्मी कम्पोस्ट और जैविक दवाइयों का प्रयोग आवश्यक है।
मिट्टी पूजन और संकल्प
कार्यक्रम के दौरान मिट्टी का पूजन किया गया और सभी प्रतिभागियों ने भूमि सुपोषण एवं संरक्षण का संकल्प लिया। साथ ही ‘एक मुट्ठी अनाज’ अभियान के तहत अनाज एकत्रित किया गया, जिसे गौशाला में दान किया जाएगा।
वक्ताओं ने दिया संदेश
कार्यक्रम को संस्था की रीना जावरिया (वरिष्ठ परियोजना अधिकारी, लिफ्ट इरिगेशन फेडरेशन) और ग्राम पंचायत कुंडला के सरपंच राघवेन्द्र सिंह झाला ने संबोधित किया। उप सरपंच बद्री सिंह भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
संकल्प कार्यक्रम का संचालन राधेश्याम मेहर और दिनेश व्यास द्वारा कराया गया। कार्यक्रम में किसानों को प्राकृतिक खेती और भूमि संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
