लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
बयाना (भरतपुर)। सोमेश कुमार सिंघल रिपोर्टर
भरतपुर जिले के बयाना कस्बे में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। डाक बंगला के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
मृतक की पहचान मनीष कुमार सारस्वत (25 वर्ष), निवासी ककलपुरा के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और उसने अचानक सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही बयाना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी चालक को शीघ्र गिरफ्तार कर मृतक परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
घटना के विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा है।




















































