लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जालोर/झालावाड़। टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत डग ब्लॉक में नवाचार के माध्यम से मरीजों की सेवा को और सुगम बनाया जा रहा है। जिला मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. साजिद खान के निर्देश पर वरिष्ठ चिकित्सा पर्यवेक्षक रघुवीर शर्मा के मार्गदर्शन में, टीबी रोगियों को निश्चय मित्रों के सहयोग से पोषण किट वितरित किए जा रहे हैं।
इस पहल के तहत 6 टीबी मरीजों को पोषण किट प्रदान किए गए। साथ ही, कीटिया सब-सेंटर की सिस्टर नलिनी शर्मा ने भी 6 मरीजों को पोषण किट देकर राजस्थान में नवाचार की शुरुआत की। सिस्टर नलिनी शर्मा ने बताया कि मरीजों की सेवा एक पुनीत कार्य है और इससे मन को संतोष मिलता है।
डग ब्लॉक में कुल 352 टीबी मरीजों को नोटिफाई किया गया, जिनमें से 204 मरीज स्वस्थ होकर इलाज पूरा कर चुके हैं। वर्तमान में ब्लॉक में 148 मरीज इलाज ले रहे हैं।
सरकार की निश्चय पोषण योजना के तहत प्रत्येक टीबी मरीज को 6,500 रुपए मिलते हैं। नोटिफाई होते ही ₹3,000 सीधे डीबीटी के माध्यम से मरीज के खाते में जमा होते हैं, जबकि शेष ₹3,500 इलाज पूरा होने पर सीधे खाते में आते हैं। सभी सरकारी अस्पतालों में टीबी की जांच और दवाई निशुल्क उपलब्ध हैं।
यह पहल टीबी मरीजों को आर्थिक और पोषण सहयोग प्रदान कर उपचार दर बढ़ाने में सहायक साबित हो रही है।3