लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उपमुख्यमंत्री डॉ प्रेमचंद बैरवा के मुख्य आतिथ्य में आयोजित हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम , ज़िले में 24 हजार 571 पात्र लाभार्थी हुए स्वामित्व योजना से लाभान्वित
भीलवाड़ा (विनोद सेन) । देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मुख्य आतिथ्य में शनिवार को स्वामित्व योजनान्तर्गत पात्र लाभार्थियों को पट्टे मय स्वामित्व कार्ड वितरण एवं लाभार्थी संवाद कार्यक्रम वर्चुअल माध्यम से आयोजित किया गया। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण राज्य के प्रत्येक जिले में किया गया। इस दौरान माननीय प्रधानमंत्री द्वारा देशभर के लगभग 50 हजार गांवों में 65 लाख प्रोपर्टी कार्ड का वितरण किया गया एवं विभिन्न राज्यों के लाभार्थियों से संवाद किया गया।

प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल संवाद के द्वारा बताया की सरकार की इस पहल से ग्रामीणों को अपनी जमीन और संपत्ति को वित्तीय पूंजी के तौर पर इस्तेमाल करने की सुविधा मिलेगी जिसके एवज में वे बैंकों से कर्ज और अन्य वित्तीय लाभ उठा सकेंगे। माननीय प्रधानमंत्री द्वारा वर्चुअल रूप से योजना के लाभ की जानकारी आमजन को दी गई।
उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की शुरुआत से करीब एक लाख संपत्ति मालिक अपनी संपत्ति से जुड़े कार्ड अपने मोबाइल फोन पर एसएमएस लिंक के जरिए डाउनलोड कर सकेंगे। कार्यक्रम से प्रदेश के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी वर्चुअल माध्यम से जुड़े। कार्यक्रम के साथ राज्य के प्रत्येक जिले में स्वामित्व योजनान्तर्गत जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए गए।