लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्यों के निर्देश
सोजत (पाली)(रितु मेहरा)। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने सोमवार को सोजत स्थित नगर पालिका कार्यालय में पाली जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विकास कार्यों और बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति का जायजा लिया।
बैठक में सार्वजनिक निर्माण विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। उपमुख्यमंत्री ने विभागवार चल रही योजनाओं और परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनहित से जुड़े सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की बजट घोषणाओं का प्रभावी और धरातल पर क्रियान्वयन सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें। विकास योजनाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक के दौरान उपमुख्यमंत्री ने अधिकारियों से चल रही परियोजनाओं की स्थिति, कार्य पूर्ण होने की समयसीमा और गुणवत्ता संबंधी बिंदुओं पर जानकारी ली तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।














































