लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्राम पंचायत अलीगढ़ की अनूठी पहल
उनियारा | दुर्योधन मयंक
उनियारा पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत अलीगढ़ ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत पंचायत को सिंगल यूज प्लास्टिक एवं पॉलीथिन मुक्त बनाने की दिशा में अनूठी पहल की है। बुधवार को आयोजित स्वच्छता समिति की बैठक में जनजागरूकता अभियान की शुरुआत करते हुए प्रिंटेड कपड़े के कैरी बैग और जागरूकता स्टिकर का विमोचन किया गया।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम पंचायत प्रशासक सबिया बी ने की। स्वच्छता समिति के निर्णय एवं 21 सदस्यीय समिति के प्रस्ताव के अनुसार पंचायत क्षेत्र के प्रत्येक जनआधार कार्ड धारक परिवार को कपड़े का कैरी बैग उपलब्ध कराया जाएगा।
कार्यक्रम में पंचायत समिति के खंड विकास अधिकारी शंकरलाल मेघवाल ने कैरी बैग वितरण अभियान का शुभारंभ किया। पंचायत द्वारा तैयार कराए गए बैग पर “पॉलिथीन का उपयोग बंद करें, पर्यावरण को बचाएं” तथा “घर से बाजार जाते समय थैला अवश्य लेकर जाएं” जैसे प्रेरक संदेश अंकित किए गए हैं। बैग के दूसरी ओर सिंगल यूज प्लास्टिक प्रतिबंध संबंधी शपथ भी प्रकाशित की गई है, ताकि आमजन में पर्यावरण संरक्षण और प्लास्टिक मुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
पंचायत प्रशासन ने स्थानीय दुकानदारों को भी कपड़े की थैलियां वितरित करते हुए प्लास्टिक के स्थान पर पर्यावरण अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की। स्वच्छता समिति ने पंचायत क्षेत्र में निगरानी व्यवस्था मजबूत करने, गंदगी फैलाने वालों की सूचना प्रशासन तक पहुंचाने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध पहले समझाइश और आवश्यकता पड़ने पर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्णय लिया।
बैठक में ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने ग्राम पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए संकल्प लिया कि भविष्य में पॉलीथिन का उपयोग नहीं करेंगे तथा दैनिक जरूरत का सामान कपड़े के कैरी बैग में ही लाएंगे।
इस अवसर पर ग्राम विकास अधिकारी धर्मेंद्र कुमार नायक, कनिष्ठ सहायक राजूलाल बैरवा, सीएचसी अलीगढ़ के चिकित्साधिकारी डॉ. गिरीश कटारिया, स्वच्छ भारत मिशन के ब्लॉक समन्वयक, पुलिस थाना अलीगढ़ के बीट प्रभारी, हल्का पटवारी देवकरण चौधरी, कृषि पर्यवेक्षक राकेश कुमार साहू, व्यापार मंडल अध्यक्ष महेंद्र बजाज, पूर्व पंचायत समिति सदस्य राधेश्याम वर्मा, सेवानिवृत्त शिक्षक फैयाजुद्दीन शेख (लाडला मियां), मीडियाकर्मी कन्हैया लक्षकार, उप प्रशासक कृष्णा देवी सैनी, वार्ड पंच महेंद्र सोयल, अनीश खान, भास्कर चतुर्वेदी, संतोष देवी, सफाईकर्मी जमादार उमर हुसैन, सफाईकर्मी संघ अध्यक्ष मुकेश हरिजन, दीपक हरिजन सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ग्राम पंचायत अलीगढ़ की यह पहल ग्रामीण स्तर पर पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता और सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम मानी जा रही है।



















































