Home accident श्रीकरणपुर में नहीं थम रहे सड़क हादसे, खड़ी बाइक से टकराई तेज...

श्रीकरणपुर में नहीं थम रहे सड़क हादसे, खड़ी बाइक से टकराई तेज रफ्तार बाइक

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 दो युवक घायल

श्रीगंगानगर (मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ)
श्रीकरणपुर विधानसभा क्षेत्र में सड़क हादसों का सिलसिला लगातार जारी है। सोमवार देर शाम श्रीकरणपुर-श्रीगंगानगर सड़क मार्ग पर शिव कुटिया के पास एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़ी बाइक से टकरा गई। हादसे में दो युवक घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

शिव कुटिया के पास हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, श्रीकरणपुर-श्रीगंगानगर मार्ग पर तेज गति से आ रही बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे खड़ी बाइक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार युवक सड़क पर गिर पड़े।

हादसे में एक युवक के मुंह, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि दूसरे युवक को मामूली चोट लगी है।

गांव 6 ओ ए का युवक गंभीर घायल

गंभीर रूप से घायल युवक की पहचान वीरेंद्र सिंह निवासी गांव 6 ओ ए के रूप में हुई है। हादसे के बाद राहगीरों ने तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को श्रीकरणपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

डॉक्टरों के अनुसार वीरेंद्र सिंह को ज्यादा चोटें आई हैं और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है।

पुलिस जांच में जुटी

सूचना मिलने पर श्रीकरणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों बाइकों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।

लगातार बढ़ रहे सड़क हादसे

गौरतलब है कि श्रीकरणपुर क्षेत्र में पिछले एक सप्ताह के दौरान आधा दर्जन से अधिक सड़क हादसे सामने आ चुके हैं। भारतमाला हाईवे और श्रीकरणपुर-गंगानगर मार्ग पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने और ओवरस्पीड वाहनों पर सख्ती से कार्रवाई की मांग की है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version