लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा | सत्यनारायण सैन, गुरला
श्री नारायणी सेना ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए भीलवाड़ा जिले में नए जिला अध्यक्ष की नियुक्ति की है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनील गहलोत की सहमति से राजस्थान प्रदेश नेतृत्व ने सुरास (मांडल) निवासी प्रकाश चंद सैन को भीलवाड़ा जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है।
यह नियुक्ति प्रदेशाध्यक्ष ओमप्रकाश सैन एवं प्रदेश प्रधान महासचिव राजेंद्र प्रसाद सैन (बगड़ी) की अनुशंसा पर कोर कमेटी की सहमति से की गई। संगठन ने उम्मीद जताई है कि नए जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में भीलवाड़ा में संगठन को नई मजबूती मिलेगी।
सामाजिक सेवा का मिला सम्मान
प्रकाश चंद सैन, स्वर्गीय मोहनलाल सैन के सुपुत्र हैं और लंबे समय से सैन समाज के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यों में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। समाज सेवा के प्रति उनकी निष्ठा, समर्पण और सक्रियता को देखते हुए संगठन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।
युवाओं को जोड़कर समाज को सशक्त बनाने पर रहेगा फोकस
नियुक्ति पत्र जारी करते हुए प्रदेश नेतृत्व ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रकाश चंद सैन संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ-साथ सैन समाज के सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक एवं व्यावसायिक विकास के लिए प्रभावी कार्य करेंगे। साथ ही युवाओं को संगठन से जोड़कर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में कार्य करेंगे।
नियुक्ति पर खुशी की लहर, बधाइयों का तांता
प्रकाश चंद सैन की नियुक्ति पर श्री नारायणी सेना के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, स्थानीय समाजबंधुओं और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं एवं बधाई दी। नव-नियुक्त जिला अध्यक्ष ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें सौंपे गए दायित्व का पूरी ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे तथा समाज और संगठन के हित में निरंतर कार्य करते रहेंगे।