लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल (सीकर) | ओम प्रकाश सैनी
दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस द्वारा कथित लाठीचार्ज और कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार शाम लोसल के मुख्य बस स्टैंड पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला दहन कर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी मांगों को लेकर धरना दे रहे छात्रों पर दिल्ली पुलिस ने बल प्रयोग किया, जिससे कई छात्र घायल हो गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यह भी आरोप लगाया कि कार्रवाई के दौरान छात्राओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रदर्शन राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के आह्वान पर प्रदेशभर में आयोजित किए जा रहे विरोध कार्यक्रमों का हिस्सा है। उन्होंने दिल्ली में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी की भी कड़ी निंदा की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। ऐसे आंदोलनों पर पुलिस कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि छात्रों की समस्याओं का समाधान संवाद के माध्यम से किया जाए, न कि बल प्रयोग से।
