लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर। आगरा-भरतपुर बॉर्डर पर देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी और चालक मौके से फरार हो गया। गंभीर रूप से घायल युवक को राहगीरों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक की पहचान राहुल (26) निवासी जाटौली के रूप में हुई। मृतक के मामा के बेटे सतेंद्र ने बताया कि राहुल मंगलवार रात करीब 9 बजे अपने एक दोस्त को छोड़ने के लिए फतेहपुर सीकरी गया था। दोस्त को छोड़ने के बाद वह अकेला बाइक से अपने घर लौट रहा था।
इसी दौरान आगरा-भरतपुर बॉर्डर पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
राहगीरों ने घायल राहुल को तुरंत आरबीएम अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। प्रारंभ में युवक की पहचान नहीं हो सकी। बाद में पुलिस ने शव की तलाशी लेकर उसकी पहचान की और परिजनों को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान की जा सके।