लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पांच दिवसीय कार्यक्रम की तैयारियां शुरू
सीकर (योगेश ऋषिका)। सीकर के नानी गेट स्थित सिद्धपीठ श्री जानकी वल्लभ मंदिर में रामनवमी महोत्सव 26 मार्च 2026 को श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिर में पांच दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
मंदिर की मीडिया प्रभारी ज्योति तनवानी ने बताया कि महोत्सव के पोस्टर का विमोचन 17 मार्च को मंदिर के महंत मधुसूदनाचार्य जी महाराज के सानिध्य में किया गया।
कार्यक्रमों की रूपरेखा
महोत्सव की शुरुआत 23 मार्च सोमवार को प्रातः 9:00 बजे दीप प्रज्वलन के साथ होगी। इसके बाद 108 मिट्टी के कलशों में औषधियां डालकर भगवान का अभिषेक किया जाएगा। सायं 8:00 बजे गोपीनाथ परिवार द्वारा भजन संध्या आयोजित होगी।
24 मार्च को प्रातः पुष्प एवं तुलसी अर्चन किया जाएगा, जबकि शाम को “एक शाम जानकीनाथ के नाम” भजन संध्या में सुक्लेश्वर महादेव मंडल द्वारा प्रस्तुति दी जाएगी।
25 मार्च को सुबह 8:15 बजे अखंड रामायण पाठ प्रारंभ होगा तथा 11:15 बजे सहस्त्रार्चन किया जाएगा।
रामनवमी पर विशेष आयोजन
26 मार्च गुरुवार को प्रातः 7:15 बजे हवन पूजन, 9:15 बजे महाअभिषेक और 12:15 बजे भगवान के जन्मोत्सव पर महाआरती होगी। इस अवसर पर पुष्प बंगला झांकी के दर्शन एवं छप्पन भोग भी लगाया जाएगा।
समापन कार्यक्रम
27 मार्च को दोपहर 2:15 बजे भगवान की बाल स्वरूप झांकी सजाई जाएगी, जिसमें भगवान माता कौशल्या की गोद में विराजमान होंगे। इसके बाद 3:15 बजे बधाई महोत्सव एवं मंगल गीत होंगे और शाम 7:15 बजे भंडारा एवं प्रसादी वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम का संचालन नीलेश शर्मा ने किया। पोस्टर विमोचन के अवसर पर महंत मधुसूदनाचार्य, जानकी प्रसाद इंदौरिया, अनीता शर्मा (जिलाध्यक्ष भाजपा), संतोष खंडेलवाल, अनिल सोनी, सोहनलाल सोनी, श्रवण शर्मा, उमेश त्रिवेदी, सावित्री दीक्षित, जमुना शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
मंदिर परिसर में इस महोत्सव को लेकर भक्तों में उत्साह का माहौल है।
