लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
अखिल नागरचाल श्री धाकड़ महासभा 108 गांव एवं श्री धरणीधर सेवा संस्थान मांडकला की संयुक्त आम सभा की बैठक भगवान श्री धरणीधर मंदिर परिसर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नागरचाल 108 गांव के अध्यक्ष रमेशचंद नागर ने की। कार्यक्रम की शुरुआत भगवान श्री धरणीधर के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्वलन के साथ की गई।
बैठक में सेवा संस्थान के अध्यक्ष पद का चुनाव, धरणीधर मंदिर की व्यवस्थाओं और समाज की एकजुटता जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई। विभिन्न मुद्दों पर उपस्थित समाजजनों से सुझाव लिए गए और सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किए गए।
अध्यक्ष पद के लिए संकल पंचों की ओर से राधेश्याम धाकड़ (सेवानिवृत्त नायब तहसीलदार, लक्ष्मीपुरा) और राधाकिशन धाकड़ (खातोला) के नाम प्रस्तावित किए गए। आपसी सहमति के बाद अध्यक्ष पद के लिए सर्वसम्मति से राधेश्याम धाकड़ के नाम पर निर्णय लिया गया। सभी पंचों की उपस्थिति में 108 गांव समाज अध्यक्ष रमेशचंद नागर ने उनकी घोषणा की तथा माला व दुपट्टा पहनाकर बधाई दी।
बैठक में राधाकिशन धाकड़ को उपाध्यक्ष, मदनलाल नागर (नाहरगंज) को कोषाध्यक्ष तथा रामप्रसाद धाकड़ (नगरफोर्ट) को सहकोषाध्यक्ष के रूप में सर्वसम्मति से मनोनीत किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष राधेश्याम धाकड़ ने सभी संकल पंचों व समाजजनों का आभार व्यक्त किया। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने एवं उपाध्यक्ष राधाकिशन धाकड़ ने भगवान श्री धरणीधर के दर्शन कर आशीर्वाद लिया तथा क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।