लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
क्षेत्र के अलीगढ़ कस्बे स्थित सरस्वती विद्या मंदिर में राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय उपशाखा उनियारा के तत्वावधान में महिला संवर्ग संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुई।
संगोष्ठी में महिला सशक्तिकरण और समाज में महिलाओं की भूमिका पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। मुख्य सत्र में वरिष्ठ अध्यापक बबिता जैन ने वीरांगना रानी अब्बाका की जीवनी तथा वर्तमान परिप्रेक्ष्य में महिला संगठन की भूमिका पर विस्तृत चर्चा प्रस्तुत की।
महिला मंत्री माया सैनी एवं सरोज जैन ने संगठनात्मक नीति, शिक्षा और शिक्षक सेवा संघ राष्ट्रीय की संरचना तथा उसके योगदान पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित महिलाओं की जिज्ञासाओं और समस्याओं को भी सुना गया तथा उनके समाधान पर विचार किया गया।
शिक्षक संघ राष्ट्रीय के दुर्गा लाल गुर्जर पर्यवेक्षक के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने संगठन की नीतियों तथा समाज निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में उपशाखा अध्यक्ष राजेंद्र गौड, मंत्री ललित कुमार शर्मा, विशाल स्वामी, आशीष शर्मा, सुजल सिंह परमार, शिल्पी शर्मा, नीतू नामा, रिंकू गौतम, अनीता शर्मा, संतरा मीणा, सरोज जैन, सुमन जैन, बीना मिश्रा सहित कई शिक्षक-शिक्षिकाएँ उपस्थित रहीं।
