Home latest शहरी सेवा शिविर जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम : मुख्य सचिव

शहरी सेवा शिविर जनसमस्याओं के समाधान का प्रभावी माध्यम : मुख्य सचिव

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर में शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण, आवेदकों से किया संवाद और व्यवस्थाओं का लिया जायजा

जयपुर । (रूपनारायण सांवरिया) राज्य सरकार द्वारा आयोजित “शहरी सेवा शिविर–2026” आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान और सुशासन की अवधारणा को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। यह बात मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने जयपुर विकास प्राधिकरण परिसर स्थित नागरिक सेवा केन्द्र में आयोजित शहरी सेवा शिविर के निरीक्षण के दौरान कही।

मुख्य सचिव ने शिविर में उपस्थित आवेदकों से संवाद कर विभिन्न प्रकरणों के निस्तारण की प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने प्रतीक्षालय, टोकन व्यवस्था, आवेदन पंजीकरण, ई-मित्र काउंटर तथा सुनवाई संबंधी व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक नागरिक को सरल, पारदर्शी और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने कहा कि शहरी सेवा शिविर केवल प्रशासनिक गतिविधि नहीं, बल्कि आमजन को राहत पहुंचाने का एक प्रभावी माध्यम हैं। नागरिकों को इन शिविरों के माध्यम से संवेदनशील और जवाबदेह प्रशासन का अनुभव होना चाहिए।

इस अवसर पर नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव आलोक गुप्ता ने भी शिविर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रकरण का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन ने शिविरों की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि भू-प्रबंधन, लीज, नामांतरण, पट्टा, आवंटन, भवन निर्माण स्वीकृति, राजस्व वसूली तथा अन्य नागरिक सेवाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता से निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि शिविर के प्रथम दिवस कुल 327 प्रकरणों का निस्तारण किया गया।

मुख्य सचिव ने विभिन्न जोनों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि शिविर अवधि में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो।

उल्लेखनीय है कि राज्य सरकार द्वारा 12 जून से 15 जुलाई 2026 तक “शहरी सेवा शिविर–2026” आयोजित किए जा रहे हैं। इसके तहत विभिन्न जोनों में नागरिकों के लंबित प्रकरणों की सुनवाई कर उनका समाधान किया जा रहा है। आवेदकों की सुविधा के लिए हेल्प डेस्क, ई-मित्र काउंटर तथा जोनवार बैठने की व्यवस्था भी की गई है। साथ ही आवेदकों को मोबाइल संदेश एवं दूरभाष के माध्यम से समय स्लॉट की सूचना दी जा रही है।

निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त आयुक्त प्रशासन डॉ. प्रियाबलराम शर्मा सहित संबंधित जोनों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version