Home latest सीईओ का औचक निरीक्षण, ग्राम पंचायतों में खामियां; अधिकारियों को दिए सख्त...

सीईओ का औचक निरीक्षण, ग्राम पंचायतों में खामियां; अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

प्रतापगढ़। जिले की छोटी सादड़ी क्षेत्र की धमोतर पंचायत समिति अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों में व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानने के लिए जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) पर्वत सिंह चुंडावत ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर व्यवस्थाओं में कमियां सामने आईं, जिस पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

स्वच्छता अभियान पर जोर

गौरतलब है कि 31 मार्च को पंचायती राज मंत्री मदनलाल दिलावर की अध्यक्षता में आयोजित संभाग स्तरीय बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत पूरे संभाग को कचरा मुक्त बनाने के निर्देश दिए गए थे। इसी के तहत जिले में साफ-सफाई अभियान को तेज किया गया है और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर गांव-गांव से वेस्ट प्लास्टिक एकत्रित किया जा रहा है।

जनसुनवाई में मिली लापरवाही

निरीक्षण के दौरान सीईओ चुंडावत ने ग्राम पंचायत स्तर पर आयोजित जनसुनवाई का भी जायजा लिया। पंचायत समिति धमोतर की ग्राम पंचायत खेड़ा नार सिंह माता में केवल ग्राम विकास अधिकारी ही उपस्थित मिला, जबकि अन्य अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर जनसुनवाई में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कई पंचायतों में स्टाफ की कमी

इसके अलावा पंचायत समिति छोटी सादड़ी की ग्राम पंचायत धोलापानी, ईंटों का तालाब, भाटखेड़ी और पीली खेड़ा का भी निरीक्षण किया गया, जहां भी कर्मचारियों की कमी पाई गई। इस पर संबंधित विकास अधिकारियों को कार्रवाई करने और भविष्य में सभी अधिकारियों-कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई के प्रचार के निर्देश

सीईओ ने ग्राम विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण इसका लाभ उठा सकें और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version