लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)।
पोष मास के कृष्ण पक्ष की सफला एकादशी के पावन अवसर पर सोमवार को नौगांवा स्थित श्री सांवरिया सेठ मंदिर में ठाकुरजी का अत्यंत भव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया। इस अवसर पर सांवरिया सेठ ने हीरे व रत्नों से जड़ी हरे रंग की अलौकिक पोशाक धारण की, जिसे विशेष रूप से इंदौर के कलाकारों द्वारा तैयार किया गया है। प्रभु के इस दिव्य स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
सफला एकादशी के उपलक्ष्य में पुर का सांवलिया सेठ महिला मंडल मंदिर पहुंचा। महिला मंडल की सदस्यों ने प्रभु के दरबार में भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं और भाव-विभोर होकर नृत्य किया। इस अवसर पर पूर्णमासी राधाबाई, मंजू भाई, गीताबाई, शांतिदेवी, सरितादेवी, प्रेमदेवी, गायत्रीदेवी एवं रोशन देवी उपस्थित रहीं। महिला मंडल द्वारा भगवान को सर्दी के मेवों का भोग अर्पित कर विशेष आराधना की गई।
मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी एवं भंवरलाल दरगड़ ने बताया कि पूर्व घोषणा के अनुसार 21 दिसंबर को मंदिर में भव्य पोष बड़ा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दिन भगवान को विशेष पोष बड़ा का भोग लगाया जाएगा तथा महाप्रसादी का वितरण होगा।
महोत्सव के दौरान मेवाड़ के प्रसिद्ध भजन गायक रायला के सत्तूदास एवं मोहनदास दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक भजनों की प्रस्तुतियां देंगे। मनीष बहेड़िया ने सभी भक्तों से सपरिवार पधारकर धर्मलाभ प्राप्त करने की अपील की है।
सफला एकादशी पर सांवरिया सेठ की रत्नजड़ित हरी पोशाक और महिला मंडल के भजनों से मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
