लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुआ पट्टाभिषेक
ताऊसर में पूसाराम महाराज और स्वामी भोलाराम महाराज की बरसी पर आयोजित समारोह में संत-महात्माओं की रही मौजूदगी
नागौर | प्रदीप कुमार डागा
नागौर जिले के निकटवर्ती ताऊसर गांव के रूपासर मोहल्ले स्थित संत पूसाराम आश्रम में पूसाराम महाराज की 74वीं एवं स्वामी भोलाराम महाराज की 76वीं बरसी श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। समारोह में विभिन्न क्षेत्रों से आए संत-महात्माओं तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान देर रात तक भजन-कीर्तन, सत्संग और आध्यात्मिक प्रवचनों का आयोजन हुआ, जिसमें संतों ने श्रद्धालुओं को धर्म, सेवा और भक्ति का संदेश दिया।
संत बन्ना राम महाराज घोषित हुए उत्तराधिकारी
समारोह के दौरान आश्रम के महंत मोहन राम वैरागी ने अपने शिष्य संत बन्ना राम महाराज को आश्रम का उत्तराधिकारी घोषित किया। इस अवसर पर महामंडलेश्वर स्वामी कुशाल गिरी महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पट्टाभिषेक एवं चादर ओढ़ाने की रस्म संपन्न हुई। संत-महात्माओं ने पुष्पमालाएं पहनाकर और चादर ओढ़ाकर नव नियुक्त उत्तराधिकारी का सम्मान किया।
संतों ने दिया भक्ति और सेवा का संदेश
समारोह को संबोधित करते हुए महंत गणेशनाथ महाराज ने कहा कि श्रद्धा के साथ परमात्मा का नाम स्मरण करने से मन के सभी विकार दूर हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मन की शांति का सबसे सरल उपाय ईश्वर का नाम जपना है।
उन्होंने कहा कि जब तक व्यक्ति सांसारिक सुखों में उलझा रहता है, तब तक उसका मन परमात्मा में नहीं लग पाता। सच्चा आनंद ईश्वर भक्ति और सेवा में ही है। उन्होंने प्राणी मात्र की सेवा को भगवान की सेवा बताते हुए सतोगुणी जीवन अपनाने का संदेश दिया।
अनेक संत-महात्मा रहे मौजूद
समारोह में महामंडलेश्वर स्वामी कुशाल गिरी महाराज, आचार्य सुखदेव प्रसाद महाराज, योगी गणेशनाथ महाराज, योगी स्वरूपनाथ महाराज, योगी देवनाथ महाराज, योगी पूर्णनाथ महाराज, योगी नारायणनाथ महाराज, महंत जानकीदास महाराज, सुरेंद्रनाथ महाराज, सर्वेश्वर राम महाराज, भरतराम महाराज, हरीराम महाराज सहित अनेक संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में आश्रम के महंत मोहन राम वैरागी ने सभी संतों और श्रद्धालुओं का स्वागत एवं अभिनंदन किया, जबकि नव नियुक्त उत्तराधिकारी संत बन्ना राम महाराज ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।



















































