लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
पिण्डवाड़ा में प्रस्तावित खनन परियोजना निरस्त करने की मांग
सांसद डांगी बोले — जनता की आवाज बनकर करूंगा हरसंभव सहयोग
सिरोही।
पिण्डवाड़ा तहसील क्षेत्र में प्रस्तावित चूना पत्थर खनन परियोजना का विरोध अब तेज होता जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल ने राज्यसभा सांसद नीरज डांगी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और परियोजना को तत्काल निरस्त करवाने की मांग रखी।
प्रतिनिधि मंडल ने सांसद डांगी को अवगत कराया कि लगभग 800.9935 हेक्टेयर क्षेत्रफल में प्रस्तावित यह खनन परियोजना ग्रामीणों के लिए गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से पर्यावरणीय असंतुलन, जलसंकट और आजीविका पर विपरीत प्रभाव पड़ने की आशंका है। ग्रामीणों में इसको लेकर गहरा आक्रोश व्याप्त है।
सांसद नीरज डांगी ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि वे इस मुद्दे को राज्यसभा में उठाएंगे और भारत सरकार के समक्ष क्षेत्र की जनता की भावनाएं रखेंगे। उन्होंने कहा, “जनता की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा। मैं क्षेत्र में आकर ग्रामीणों से प्रत्यक्ष संवाद करूँगा और हरसंभव सहयोग प्रदान करूँगा।”
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधि मंडल में संघर्ष समिति के पदाधिकारियों सहित कई सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण शामिल रहे। इस दौरान कांग्रेस नेता बलवंत चौधरी, निरंजन पुरोहित, तुषार घांची (स्वरूपगंज), दीपक अग्रवाल, केसाराम, और भुवनेश कुमार सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
गौरतलब है कि पिछले एक महीने से वाटेरा, भारजा, रोहिड़ा और भीमाना ग्राम पंचायतों समेत करीब दर्जनभर गांवों में इस परियोजना के विरोध में लगातार आंदोलन जारी है। ग्रामीण सड़कों पर उतरकर रैलियां और विरोध सभाएं आयोजित कर रहे हैं।
उठे गंभीर सवाल
जनता के बढ़ते आक्रोश के बीच सत्ता पक्ष के नेताओं की चुप्पी अब गंभीर सवालों के घेरे में है। स्थानीय लोग पूछ रहे हैं कि आखिर क्यों सत्ता और विपक्ष दोनों ही इस संवेदनशील मुद्दे पर मौन हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकार ने समय रहते उनकी मांगों पर गौर नहीं किया, तो आंदोलन आने वाले दिनों में और उग्र रूप ले सकता है।