लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा, राजसमंद।
राजसमंद। भगवानंदा गांव स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार दोपहर एक 9 फीट लंबा अजगर सड़क पार करते हुए नजर आया। भारी-भरकम अजगर को देखकर राहगीरों में अफरातफरी का माहौल बन गया। लोगों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत इसकी सूचना वन विभाग के रेंजर सत्यानंद गरासिया एवं रेंजर लादूराम शर्मा को दी।
सूचना मिलते ही रेस्क्यू विशेषज्ञ पन्नालाल कुमावत के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक अजगर को पकड़कर सुरक्षित रेस्क्यू किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अजगर अत्यंत फुर्तीला था और निरंतर हाइवे से जंगल की ओर बढ़ रहा था, जिससे सड़क दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
रेस्क्यू टीम के पन्नालाल कुमावत ने बताया कि बरसात के मौसम में विभिन्न प्रजातियों के सांप खुले स्थानों पर दिखाई देते हैं, लेकिन इनमें से केवल चार प्रजातियां ही विषैली होती हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि सांप दिखने पर घबराएं नहीं, न ही उन्हें नुकसान पहुंचाएं, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें ताकि उन्हें सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
इस रेस्क्यू अभियान में सुंदरलाल खारोल, प्रकाश गमेती सहित वन विभाग के अन्य कार्मिकों ने भी सहयोग दिया। रेस्क्यू के बाद अजगर को सुरक्षित रूप से जंगल में छोड़ दिया गया।
