लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
समदड़ी: कस्बे में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। इस अवसर पर अंबेडकर टाउन हॉल परिसर में भव्य कार्यक्रम, वाहन रैली और प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम से पूर्व अंबेडकर संगठन के संयोजक गणेशाराम बुनकर एवं वेनाराम घुसर के नेतृत्व में विशाल वाहन रैली निकाली गई। रैली अंबेडकर टाउन हॉल से रवाना होकर गोर का चौक सहित मुख्य मार्गों से होती हुई बायपास मार्ग से पुनः टाउन हॉल पहुंची। इस दौरान डीजे पर देशभक्ति गीतों के साथ रैली निकाली गई और ग्रामीणों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। रैली में पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखते हुए सहयोग प्रदान किया।
इसके बाद टाउन हॉल परिसर में डॉ. अंबेडकर एवं महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमाओं पर अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन व पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में भामाशाहों और सहयोगकर्ताओं का दुपट्टा एवं मोमेंटो देकर सम्मान किया गया।
प्रतिभा सम्मान समारोह
इस दौरान कक्षा 10वीं और 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति पत्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
अतिथियों के विचार
कार्यक्रम में पूर्व राज्य मंत्री गोपाराम मेघवाल ने कहा कि संविधान सभी के लिए समान अधिकार सुनिश्चित करता है और बाबा साहेब ने समाज में समरसता की मजबूत नींव रखी।
सिवाना प्रधान मुकन सिंह राजपुरोहित ने कहा कि बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलना हमारा कर्तव्य है और शिक्षा व संगठन के माध्यम से ही समाज आगे बढ़ सकता है।
भील समाज जिला अध्यक्ष फूलचंद केपी ने समाज में एकता, विनम्रता और समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।
बड़ी संख्या में लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में रीको चेयरमैन सुनील परिहार, पूर्व जिला परिषद सदस्य इंदराम चौधरी, पूर्व बैंक प्रबंधक गुलाबचंद राठौर, गणपत राज मेहता, जाकिर हुसैन पठान सहित कई जनप्रतिनिधि, समाजसेवी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में सभी ने बाबा साहेब के आदर्शों पर चलने, समाज में समानता और भाईचारे को बढ़ावा देने तथा शिक्षा को अपनाने का संकल्प लिया।