Home latest सांवलिया सेठ नौगांवा धाम में नौका विहार महोत्सव सम्पन्न

सांवलिया सेठ नौगांवा धाम में नौका विहार महोत्सव सम्पन्न

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

ठाकुरजी के श्रीनाथ स्वरूप में दर्शन को उमड़े सैकड़ो भक्त, किए अलौकिक दर्शन

भीलवाडा। (पंकज पोरवाल) श्री सांवलिया सेठ मंदिर नौगांवा में नौका विहार महोत्सव के दूसरे दिन रविवार को ठाकुर जी के श्रीनाथ स्वरूप में दिव्य दर्शन के लिए सैकड़ो भक्त उमड़े। मुख्य यजमान नवरत्न बंब, सुरेश बंब, कलकीराम पारीक, राधेश्याम सोमानी, अभिषेक सोमानी थे। पूर्व सांसद सुभाष बहेड़िया, राजेंद्र कोगटा, मदन खटोड, राधाकृष्ण सोमानी, चंद्रप्रकाश आगाल, अजीत सिंह, लक्ष्मी चंद्र काबरा आदि ने भगवान को नौका विहार करा अलौकिक दर्शन किए। पावन उत्सव में, आम से सजे कुंजों और फूलों के मनमोहक बगीचे के बीच, जल की पुकार के साथ सैकड़ो भक्तों ने अपने आराध्य ठाकुर जी को नौका विहार कराया। भगवान के जयकार व उद्घोष से भक्तों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। ट्रस्ट अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडाणी ने बताया कि रविवार को पुजारी दीपक एवं आनंद पाराशर, पंडित प्रकाश और अजय सोनी ने झांकिया सजाने में अपना पूरा योगदान दिया और ठाकुरजी का विशेष श्रृंगार किया, जिसकी अनुपम छटा निहारने के लिए भक्त आतुर दिखे। दोपहर 12 बजे मंत्र उच्चारण के बीच यजमानों ने ठाकुर जी को जल कीड़ा कराई, जो एक विशेष और आनंददायक अनुष्ठान रहा।दोपहर 12.15 बजे महाआरती का आयोजन किया गया। शाम 7 बजे गोवत्स दिव्यांशु महाराज की भजन संध्या हुई, जिसमें उनके अमृतवाणी से भक्तजन भावविभोर हो उठें। इस महोत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण कमल कुंड में श्री ठाकुर जी का दिव्य नौका विहार रहा, जहाँ प्रभु ने कमल दल पर विराजकर पुष्प वर्षा के बीच भक्तों को दर्शन दिए। साथ ही, सुंदर कुंज में श्रीनाथजी भी विराजित रहें, जिसने इस उत्सव की शोभा को और बढ़ा दिया। यह चौथा अवसर है जब श्री सांवलिया सेठ नौगांवा धाम में इस भव्य नौका विहार महोत्सव का आयोजन हो रहा है, जो भक्तों के बीच अटूट आस्था और श्रद्धा का प्रतीक बन चुका है। मंदिर में नई व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को मठड़ी का प्रसाद भी उपलब्ध कराया जा रहा है साथ ही गो परिक्रमा करने के लिए भी लोग बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। मंदिर में जन्माष्टमी का महापर्व तीन दिवसीय कार्यक्रमों के साथ महोत्सव के रूप में मनाया जाएगा। वृंदावन की चल झांकियां रहेगी। श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए वाहनों की विशेष व्यवस्था की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version