लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नावां कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस रिमांड, इलाके में सुरक्षा कड़ी
रिपोर्टर – मनीष कुमार पारीक
नावां सिटी। डीडवाना जिले के कुचामन शहर के चर्चित व्यापारी रमेश रूलानिया हत्याकांड में सोमवार को बड़ी कार्रवाई हुई। मामले के मुख्य आरोपी और रोहित गोदारा गैंग के वित्तीय मैनेजर माने जाने वाले कुख्यात अपराधी जीतू चारण को दिल्ली पुलिस की विशेष टीम कड़ी सुरक्षा के बीच दिल्ली से कुचामन लेकर पहुंची।
घटना के बाद से फरार चल रहा जीतू चारण दिल्ली में पकड़ में आया था। राजस्थान पुलिस ने उसे प्रोडक्शन वारंट पर हासिल किया और अदालत की प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे आज राजस्थान लाया गया।
कुचामन पहुंचने के बाद पुलिस आरोपी को सीधे नावां न्यायालय लेकर पहुंची, जहां भारी पुलिस जाब्ता तैनात रहा। अदालत परिसर और बाहर भी सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए। अदालत में दिल्ली पुलिस ने आवश्यक दस्तावेज और गिरफ्तारी औपचारिकताएँ पूरी कीं। इसके बाद न्यायालय ने आरोपी को कुचामन पुलिस की कस्टडी में सौंपने का आदेश दिया। 
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जीतू चारण गैंग की आर्थिक गतिविधियाँ संभालता था और रूलानिया हत्याकांड की साजिश में उसकी अहम भूमिका सामने आई है। वह महीनों से ठिकाने बदलते हुए पुलिस से बचता फिर रहा था।
अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। रिमांड अवधि में उससे साजिश, आर्थिक लेन-देन, गैंग नेटवर्क, हथियार उपलब्ध कराने और रिकॉर्डिंग जैसे पहलुओं पर गहन पूछताछ की जाएगी।
मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। लोगों में राहत का माहौल भी देखने को मिला कि लंबे समय से फरार अपराधी अब पुलिस की गिरफ्त में है। कुचामन पुलिस अब तेजी से जांच को आगे बढ़ाते हुए अन्य सहयोगियों की तलाश में जुट गई है।