लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जोधपुर।
केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने रविवार को जोधपुर प्रवास के दौरान सर्किट हाउस में जनसुनवाई की। जनसुनवाई के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने राम मंदिर के मुद्दे पर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला।
शेखावत ने कहा कि कांग्रेस के नेता इन दिनों प्रदेशभर में राम मंदिर को लेकर प्रेस वार्ताएं कर रहे हैं, लेकिन जनता कांग्रेस की नीयत, चाल और चरित्र को अच्छी तरह जानती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस उसी विचारधारा से जुड़ी पार्टी है जिसने भगवान राम के अस्तित्व को नकारा था।
उन्होंने कहा, “कांग्रेस के लोगों ने केवल बयान ही नहीं दिए थे, बल्कि सर्वोच्च न्यायालय में शपथपत्र दाखिल कर यह कहा था कि ‘राम कपोल-कल्पना हैं।’ लेकिन जब जनता ने उन्हें नकार दिया, तब वही लोग जनेऊ पहनकर और मंदिरों में जाकर अपनी छवि बदलने की कोशिश करते नजर आए।”
केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि अब एक बार फिर कांग्रेस राम को राजनीतिक अवसर के रूप में देख रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जो लोग कभी भगवान राम के अस्तित्व पर सवाल उठाते थे, वही आज खुद को रामभक्त दिखाने का प्रयास कर रहे हैं।
शेखावत ने कहा कि जनता सब कुछ देख रही है और कांग्रेस के इस बदले हुए रुख को भली-भांति समझती है।



















































