लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ में दी पूर्णाहुति, राज्यपाल व मुख्यमंत्री भी रहे मौजूद
जयपुर । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर जयपुर पहुंचीं। उन्होंने सीकर रोड स्थित नींदड़ में आयोजित 1008 कुण्डीय हनुमान महायज्ञ और श्रीराम कथा में भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी महाराज के सानिध्य में मंत्रोच्चार के साथ विश्वकल्याण के लिए हवन में पूर्णाहुति दी। इस दौरान राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी उपस्थित रहे।
महायज्ञ के दौरान राष्ट्रपति ने पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद राष्ट्रपति, राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने यज्ञशाला की परिक्रमा की और राष्ट्रपति ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य जी से भेंट कर उनका अभिनंदन भी किया।
राष्ट्रपति के जयपुर आगमन पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद मदन राठौड़, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने महायज्ञ में भाग लेकर न केवल धार्मिक माहौल को सम्मानित किया, बल्कि देश-प्रदेश और विश्वकल्याण के लिए अपनी शुभकामनाएं भी व्यक्त कीं।




















































