Home latest राज्य सरकार की प्रथम वर्षगांठ पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम

राज्य सरकार की प्रथम वर्षगांठ पर राज्य स्तरीय कार्यक्रम

0
लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल जयपुर में आयोजित
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश को देंगे विशेष सौगातें
डबल इंजन की सरकार संकल्प पत्र में किए प्रत्येक वादे को करेगी पूरा
 – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा
– मुख्यमंत्री ने आयोजन स्थल पर जाकर लिया तैयारियों का जायजा
जयपुर । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोमवार को जयपुर के सांगानेर स्थित दादिया ग्राम में 17 दिसंबर को राज्य सरकार की प्रथम वर्षगांठ पर आयोजित होने वाले मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि 17 दिसंबर को आयोजित होने वाले इस राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुनिया के लोकप्रिय नेता और देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का मानना है कि देश में चार ही जातियां हैं-युवा, किसान, महिला और मजदूर। देश का उत्थान इन चारों की उन्नति से ही संभव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने मोदी की इसी सोच के अनुसार अपनी प्रथम वर्षगांठ पर अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित कर इन चारों वर्गों को ढेरों सौगातें दी हैं। उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर को युवाओं के लिए, 13 दिसंबर को किसानों के लिए, 14 दिसंबर को महिलाओं के लिए और 15 दिसंबर को मजदूर और वंचित वर्ग के लिए कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें कई नई योजनाओं की सौगात देकर लाभान्वित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शिरकत कर राजस्थान की जनता को अनेक सौगातें देंगे। उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री जो कहते हैं, वह करके दिखाते हैं। राज्य सरकार ने अपने कार्यकाल के प्रथम वर्ष में ही अपने संकल्प पत्र के लगभग 50 प्रतिशत वादे पूरे कर दिए हैं और हमारी डबल इंजन की सरकार संकल्प पत्र के प्रत्येक वादे को पूरा करेगी।
मुख्यमंत्री ने तैयारियों की समीक्षा कर अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
मुख्यमंत्री ने रविवार को आयोजन स्थल ग्राम-दादिया पर जाकर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने आयोजन स्थल के पूरे परिसर का भ्रमण किया तथा तैयारियों का अवलोकन कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले मंत्रीगण, विधायकों तथा आमजन सहित सभी आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था, आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, सौन्दर्यीकरण, पीने के पानी सहित सभी विभिन्न बिन्दुओं पर अधिकारियों को उचित दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर जगह-जगह रंगोली बनाई जाए, होर्डिंग व बैनर लगाकर कार्यक्रम एवं योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, जिससे आमजन को राज्य सरकार की लोक कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी मिल सके।
इस दौरान मुख्य सचिव सुधांश पंत, पुलिस महानिदेशक यू.आर साहू, अतिरिक्त मुख्य सचिव जल संसाधन  अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय शिखर अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह  आनंद कुमार, प्रमुख शासन सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी  भास्कर ए. सावंत एवं प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री कार्यालय आलोक गुप्ता सहित अन्य उच्च अधिकारी मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version