लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
गौतमशर्मा
राजसमंद।
आइसक्रीम लारी पर विद्युत कनेक्शन लेते समय हुआ हादसा, मेले में मचा हड़कंप
राजसमंद, आमेट।
राजसमंद जिले के आमेट में नगर पालिका द्वारा आयोजित पाँच दिवसीय सांस्कृतिक मेले के पहले दिन ही एक दर्दनाक हादसा पेश आया। मेले में आइसक्रीम की लारी पर विद्युत कनेक्शन लेने के दौरान करंट लगने से 36 वर्षीय युवक संतोष लाल गुर्जर की मौत हो गई। घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक संतोष लाल गुर्जर भीलवाड़ा जिले के गुडला गांव का निवासी था। मेले में शाम के समय अंधेरा होने पर आइसक्रीम की लारी पर लाइट का कनेक्शन कर विद्युत सप्लाई शुरू करने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान झटका लगने से संतोष लाल वहीं गिर पड़े और बेहोश हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुँचकर संतोष लाल को आमेट सीएससी पहुंचाया, जहाँ चिकित्सकों ने मेडिकल परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाकर परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा विद्युत कनेक्शन में लापरवाही के चलते हुआ।
प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है और मेले में विद्युत सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए जाने की बात कही है। स्थानीय लोगों ने भी सुरक्षा मानकों पर ध्यान देने की मांग की है।