लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर(रूपनारायण सांवरिया)। मदन राठौड़ ने बुधवार को अजमेर प्रवास के दौरान प्रेसवार्ता में बताया कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 28 फरवरी को अजमेर दौरे पर आएंगे। इस दौरे के दौरान कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन होगा, साथ ही युवाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
राठौड़ ने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार (केंद्र, हरियाणा और राजस्थान में भाजपा) के चलते प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की तुलना में वर्तमान सरकार ने बिजली, जल, सड़क और रोजगार के क्षेत्र में ठोस कदम उठाए हैं।
उन्होंने बताया कि राजस्थान में सौर और पवन ऊर्जा को बढ़ावा दिया गया है, किसानों को दिन में बिजली उपलब्ध कराई जा रही है और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ है। अब तक 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू पर हस्ताक्षर हो चुके हैं, जिनमें से 8.33 लाख करोड़ रुपए धरातल पर उतर चुके हैं। रोजगार के क्षेत्र में एक लाख से अधिक युवाओं को नियुक्ति दी गई है, और पांच लाख रोजगार देने के लक्ष्य की दिशा में तेजी से काम हो रहा है।
राठौड़ ने कृषि क्षेत्र में किए गए सुधारों का भी उल्लेख किया। किसानों को बिना ब्याज ऋण, न्यूनतम समर्थन मूल्य, भंडारण सुविधा और कृषि उपकरणों पर टैक्स में राहत दी गई है। सड़क अवसंरचना के क्षेत्र में भारतमाला परियोजना और दिल्ली-मुंबई कॉरिडोर से राजस्थान को विशेष लाभ मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा राजस्थान को देश के अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में निरंतर काम कर रहे हैं।
प्रेसवार्ता में भाजपा के भूपेंद्र सैनी, कैलाश मेघवाल और मिथिलेश गौतम सहित जिले के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।