लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
जयपुर/बांसवाड़ा। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने बांसवाड़ा प्रवास के दौरान घर-घर जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम को लेकर पीले चावल वितरित किए। राठौड़ ने बताया कि 25 सितंबर को प्रधानमंत्री मोदी बांसवाड़ा क्षेत्र को एक ऐतिहासिक सौगात देंगे और यहां परमाणु ऊर्जा प्रोजेक्ट का शिलान्यास करेंगे।
इस परियोजना के जरिए राजस्थान ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा और स्थानीय पर्यटन, रोजगार व आर्थिक गतिविधियों में भी उल्लेखनीय वृद्धि होगी। राठौड़ ने कहा कि देशभर में प्रस्तावित 8 परमाणु ऊर्जा संयंत्रों में से एक बांसवाड़ा में स्थापित किया जा रहा है। उन्होंने इसे राज्य और देश के विकास में एक मील का पत्थर बताया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कांग्रेस सरकार पर भी तीखा प्रहार किया। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस ने कभी जनता के हित की चिंता नहीं की, बल्कि केवल भ्रम फैलाने का कार्य किया। उन्होंने कन्हैयालाल हत्याकांड का जिक्र करते हुए बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में आतंकियों की सुरक्षा के लिए उनके घर के बाहर पुलिस तैनात थी, जबकि बार-बार धमकी मिलने के बावजूद कन्हैयालाल को सुरक्षा नहीं दी गई।
राठौड़ ने कहा कि जब से मामला एनआईए के पास गया, तब से हत्यारों के अलावा दर्जनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और कोर्ट में चालान पेश किया गया। अब कोर्ट इस पर कार्रवाई करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत की सरकार ही इस हत्या के लिए जिम्मेदार थी।
