लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
जोधपुर।
जिले के फलोदी उपखंड के मतोड़ा क्षेत्र में रविवार को देर रात एक भीषण सड़क हादसे में 15 श्रद्धालुओं की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 3 से 4 लोग घायल हुए हैं। हादसा उस समय हुआ जब एक बस सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस में सवार श्रद्धालु जोधपुर के सूरसागर क्षेत्र से बीकानेर जिले के कोलायत दर्शन करके लौट रहे थे। जैसे ही बस मतोड़ा क्षेत्र में पहुंची, सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।
घटना की सूचना पर मतोड़ा थाना अधिकारी अमानाराम मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि अब तक 15 जनों की मृत्यु की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में अधिकांश जोधपुर के श्रद्धालु बताए जा रहे हैं।
3 से 4 घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद जोधपुर रेफर किया गया है। पुलिस ने शवों को फलोदी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की टीमें मौके पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने हादसे में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त किया है और प्रशासन को घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं।















































