लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्ट: प्रदीप कुमार डागा
नागौर/नई दिल्ली। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के सुप्रीमो एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने गुरुवार को नई दिल्ली में उद्योग विभाग की संसदीय स्थाई समिति की बैठक में भाग लिया। बैठक में भारी उद्योग एवं एमएसएमई मंत्रालय के सचिवों और अधिकारियों ने आगामी सत्र में विभाग की अनुदान मांगों पर प्रस्तुतीकरण दिया।
बैठक के दौरान सांसद बेनीवाल ने प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मंत्रालय ने 30 लाख सफल पंजीकरण का लक्ष्य पूर्ण करने की बात कही है, जबकि उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार 2 करोड़ से अधिक आवेदन प्राप्त हुए हैं। उन्होंने शेष आवेदनों के संबंध में मंत्रालय की भावी कार्ययोजना पर स्पष्ट जवाब मांगा।
सांसद ने यह भी कहा कि चालू वर्ष में योजना के लिए बजट घटाकर ₹3,800 करोड़ कर दिया गया है। ऐसे में जब बड़ी संख्या में पात्र आवेदक लंबित हैं, तो केवल लक्षित पंजीकरण पर ध्यान केंद्रित करना उचित नहीं है। उन्होंने सुझाव दिया कि सभी पात्र आवेदकों को चरणबद्ध या अन्य माध्यम से लाभान्वित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
एमएसएमई क्षेत्र पर बोलते हुए बेनीवाल ने कहा कि गत वर्ष लगाए गए उच्च टैरिफ से विशेषकर निर्यात आधारित इकाइयाँ प्रभावित हुई हैं। ऐसी स्थिति में कौशल विकास, विपणन प्रोत्साहन और प्रशिक्षण योजनाओं के बजट में वृद्धि अपेक्षित थी, किंतु इन मदों में आवंटन लगभग पूर्व वर्ष के समान रखा गया है।
तिरुपति में मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में हुए शामिल
सांसद बेनीवाल गुरुवार शाम आंध्रप्रदेश के तिरुपति पहुंचे, जहां श्री समस्त जाट समाज ट्रस्ट द्वारा आयोजित त्रिलोकेश्वर महादेव मंदिर एवं वीर तेजाजी महाराज मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।
हवाई अड्डे से लेकर कार्यक्रम स्थल तक उनका भव्य स्वागत किया गया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रवासी राजस्थानियों द्वारा अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवित रखना गर्व की बात है।