लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
भरतपुर/डीग। जिले के जुरहरा थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपत्ति द्वारा जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना बमनवाड़ी गांव की बताई जा रही है, जहां गृह क्लेश और प्लॉट विवाद के चलते पति-पत्नी ने यह कदम उठाया।
पुलिस के अनुसार, रामप्रसाद (70) और उनकी पत्नी रामवती (67) ने देर रात करीब 2 बजे जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। परिजनों द्वारा उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें आरबीएम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि दंपत्ति ने तीन साल पहले नौगांव रोड पर एक प्लॉट खरीदा था, जिसकी कीमत समय के साथ काफी बढ़ गई थी। लेकिन सड़क चौड़ीकरण में प्लॉट आने और मुआवजा नहीं मिलने के कारण वे मानसिक तनाव में थे।
बताया जा रहा है कि घटना से पहले पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद दोनों ने एक ही कमरे में जहरीला पदार्थ खा लिया। जब उनकी तबीयत बिगड़ी और उन्होंने आवाज लगाई, तब परिजनों को घटना की जानकारी मिली।
जुरहरा थाने के एएसआई रमेश चंद के अनुसार, प्रारंभिक जांच में गृह क्लेश के चलते जहर खाने की बात सामने आई है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।
यह घटना क्षेत्र में शोक का कारण बनी हुई है और लोगों में गहरा दुख व्याप्त है।




















































