लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक
जोधपुर । रातानाडा स्थित शिव रोड पर स्थित श्री सिद्ध नागेश्वर महादेव मंदिर में अधिक (पुरुषोत्तम) मास के पावन अवसर पर परमा/कमला एकादशी (कृष्ण पक्ष) श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ मनाई गई। मंदिर पुजारी ललिता जोशी के सान्निध्य में भगवान श्री सिद्ध नागेश्वर महादेव का विभिन्न प्रकार के हरित पत्तों एवं पुष्पों से मनमोहक विशेष श्रृंगार किया गया, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
इस अवसर पर मंदिर महिला मंडल द्वारा भगवान को मिश्रित प्रसाद का विशेष भोग अर्पित किया गया, जिसमें टॉफियां, बिस्किट, केसर पेड़े, केले, आम सहित विभिन्न फल एवं अन्य सामग्री शामिल रही। साथ ही मालपुआ का भी विशेष भोग लगाया गया। क्षेत्र के बंसी बोराना द्वारा हावड़ा एवं मखनिया केसर लस्सी का भोग भगवान को समर्पित किया गया। भव्य आरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर अधिक (पुरुषोत्तम) मास के दौरान मंदिर में किए गए विभिन्न श्रृंगारों की छायाप्रतियां भी मंदिर परिसर में प्रदर्शित की गईं, जिससे श्रद्धालुओं को एक ही स्थान पर सभी दिव्य श्रृंगारों के दर्शन का अवसर मिला। श्रद्धालुओं ने इन छायाचित्रों के माध्यम से भगवान महादेव के विविध स्वरूपों के दर्शन कर धर्म लाभ प्राप्त किया।
अधिक मास में आने वाली एकादशियों को अत्यंत पुण्यदायी माना जाता है। इसी मान्यता के चलते बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और दर्शन कर सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।
मंदिर की व्यवस्थापक शिवानी जोशी एवं निकिता जोशी ने आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
















































