लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
11वें दिन विशाल वाहन रैली, हजारों किसानों ने सरकार को घेरा
गंगापुर सिटी/सवाई माधोपुर। (बनी सिंह मीना) पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर ग्राम खंडीयप में चल रही किसान महापंचायत एवं अनिश्चितकालीन धरना सोमवार को 11वें दिन भी जारी रहा।
आंदोलन को व्यापक समर्थन मिलने के साथ हजारों किसानों ने ट्रैक्टर, मोटरसाइकिल, कार और अन्य वाहनों के साथ विशाल वाहन रैली निकालकर सरकार और प्रशासन के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। करीब 5 किलोमीटर लंबी यह रैली डिवस्या से शुरू होकर छोटी उदेई, पिलोदा, खेड़ली बगलाई, सेमाला, नयागांव, धूनी और मोहचा का पुरा होते हुए खंडीयप धरना स्थल पहुंची। इसके बाद किसानों ने फुलवाड़ा पेपट, रायपुर, कुसाय होते हुए वजीरपुर उपखंड मुख्यालय तक रैली निकालकर अपनी मांगों को दोहराया।
किसानों ने कहा कि उच्च न्यायालय के आदेशों की पालना करते हुए पांचना बांध से कमांड क्षेत्र की नहरों में शीघ्र पानी छोड़ा जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगें पूरी नहीं की गईं तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा। किसानों ने 28 जून को प्रस्तावित बड़े आंदोलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आह्वान भी किया।
धरना स्थल पर छोटी उदेई, डिवस्या, छान, बिनेगा, खिदरपुर सहित कई गांवों से किसान, महिलाएं, युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में मौजूद रहे। बढ़ते जनसमर्थन के चलते यह आंदोलन अब बड़े जनआंदोलन का रूप लेता दिखाई दे रहा है।
पांचना कमांड क्षेत्र विकास संघर्ष समिति ने आंदोलन की व्यवस्थाओं के लिए गांववार जिम्मेदारियां तय की हैं। ग्रामीणों द्वारा भोजन, पानी और साफ-सफाई जैसी व्यवस्थाएं संभाली जा रही हैं। इसी क्रम में 16 और 17 जून को ग्राम महस्वा के किसान धरना स्थल की जिम्मेदारी संभालेंगे।
किसानों ने मंच से दोहराया कि नहरों में पानी छोड़े जाने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने इसे केवल सिंचाई की मांग नहीं बल्कि किसानों के अधिकार, आजीविका और भविष्य से जुड़ा मुद्दा बताया।
समिति ने सरकार और प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। साथ ही सभी राजनीतिक दलों और जनप्रतिनिधियों से किसानों के इस संघर्ष में समर्थन देने की अपील की गई है। समिति ने स्पष्ट कहा कि जो जनप्रतिनिधि किसानों के समर्थन में आगे नहीं आएंगे, उनका विरोध किया जाएगा।
