लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां। पादूकलां के बस्सी की ढाणी स्थित श्री श्याम मंदिर परिसर में श्याम तृतीय पाटोत्सव एवं स्थापना दिवस के अवसर पर भव्य श्याम कीर्तन का आयोजन किया गया। आयोजन में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भीलवाड़ा से आए भजन गायक अनुज पारीक ने गणेश वंदना और गुरु महिमा के साथ कीर्तन की शुरुआत की। भजन संध्या में “सांवरिया आजा रे”, “कीर्तन की है रात बाबा”, “वीर हनुमाना अति बलवाना” और “मोर छड़ी लहराई रे” जैसे भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
कीर्तन के दौरान “जय श्री श्याम” और “तीन बाण धारी” के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा। श्रद्धालु भक्ति रस में झूमते नजर आए और वातावरण पूरी तरह श्याममय हो गया।
कार्यक्रम में रोहित म्यूजिकल ग्रुप अजमेर सहित स्थानीय श्याम प्रेमियों ने बाबा श्याम का आकर्षक श्रृंगार कर पोशाक अर्पित की तथा दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया। श्याम मित्र मंडल विकास समिति द्वारा सभी श्रद्धालुओं को श्याम रंग के दुपट्टे पहनाकर सम्मानित किया गया।
समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष पाटोत्सव को विशेष भव्यता के साथ मनाया गया, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। अंत में बाबा श्याम की आरती कर प्रसाद वितरण किया गया। देर रात तक श्रद्धालु दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना करते रहे।