Home latest नोगांवा सांवलिया सेठ मंदिर में भगवान का लहरिया श्रृंगार

नोगांवा सांवलिया सेठ मंदिर में भगवान का लहरिया श्रृंगार

0

लोक टुडे न्यूज नेटवर्क

ठाकुरजी के झूले पर दर्शन

भीलवाड़ा। (पंकज पोरवाल) धर्मनगरी भीलवाड़ा में सावन मास की भक्तिमय बेला के बीच, श्री सांवलिया सेठ मंदिर ट्रस्ट, नोगांवा द्वारा माधव गोशाला स्थित सांवलिया सेठ मंदिर में सोमवार को भगवान सांवलिया सेठ की मुख्य प्रतिमा का मनोहारी लहरिया रूप में श्रृंगार किया गया। इसके साथ ही सावन में अलग से विराजित ठाकुर जी के विशेष झूला दर्शन जारी है जो श्रद्धालुओं का मन मोह रहे है। मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष गोविंद प्रसाद सोडानी व कैलाश आगाल ने बताया कि सावन के पवित्र महीने में भगवान के विशेष दर्शनों का क्रम जारी है।

इसी कड़ी में सोमवार को श्रृंगार पुजारी दीपक आनंद पाराशर व प्रकाश शर्मा ने अपने हाथों से भगवान सांवलिया सेठ की मुख्य प्रतिमा का अद्भुत लहरिया श्रृंगार किया। भगवान की छवि अत्यंत मोहक और अलौकिक लग रही थी। प्रातः काल से ही मंदिर में भक्तों का तांता लगना शुरू हो गया था। भगवान सांवलिया सेठ की मुख्य प्रतिमा के लहरिया दर्शन कर श्रद्धालु निहाल हो गए। वहीं, मंदिर में एक अलग स्थान पर सजे आकर्षक झूले पर विराजित लड्डू गोपाल के दर्शनों के लिए भी भक्तों की कतारें लगी रहीं।

हर कोई इस अनुपम रूप को अपने हृदय में बसा लेना चाहता था। मंदिर परिसर भगवान के जयकारों और भजनों की स्वर लहरियों से गुंजायमान रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। सावन मास में झूला दर्शनों का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इन दिनों भगवान झूले पर विराजित होकर अपने भक्तों को दर्शन देते हैं और उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं। श्री सांवलिया सेठ मंदिर में हो रहे ये विशेष आयोजन श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर रहे हैं। मंदिर ट्रस्ट द्वारा भक्तों की सुविधा और सुगम दर्शन के लिए समुचित व्यवस्थाएं की गई हैं।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version