लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजस्व मंत्री चौधरी ने सुनीं जनसमस्याएं, सैकड़ों मामलों का मौके पर निस्तारण
डीडवाना-नावां, नावां शहर ।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित कार्यक्रमों की श्रृंखला में नावा विधानसभा क्षेत्र के नावा नगरपालिका सभागार में जनसमस्या समाधान शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में राजस्थान सरकार के राजस्व राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी ने भाग लेकर आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को मौके पर ही समाधान के निर्देश दिए।
शिविर में एसडीएम दिव्या सोनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। नागरिकों ने नगर में रोडवेज बसों के नियमित ठहराव, सफाई व्यवस्था, सार्वजनिक लाइटों की मरम्मत, नई स्ट्रीट लाइट लगाने, आवारा पशुओं की रोकथाम, सड़क मरम्मत, पार्क व सामुदायिक केंद्र के विकास जैसे मुद्दों पर शिकायतें और सुझाव दिए।
राजस्व मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को पेचवर्क, रेन बसेरा, निकाय द्वारा जारी लीज डीड, फ्री होल्ड पट्टों, भूमि संबंधी कार्यों तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन को पूरे 30 दिन सेवा पखवाड़े के रूप में मनाया जाएगा, जिसमें हर विभाग के अधिकारी एक ही छत के नीचे उपस्थित रहकर नागरिकों की समस्याओं का समाधान करेंगे।
मंत्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में सरकार आमजन को राहत देने और समस्याओं का त्वरित समाधान करने के लिए प्रतिबद्ध है। सेवा पखवाड़ा अभियान जनसेवा को धरातल पर उतारने का एक प्रभावी माध्यम बन रहा है।
शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया और समस्याओं के निस्तारण से राहत की भावना व्यक्त की। नावा क्षेत्र में आयोजित यह शिविर सेवा, सहयोग और सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
