लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर: (रितु मेहरा) मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश और लगातार मॉनिटरिंग के बाद पांचना समझौते के तहत जल प्रवाह शुरू हो गया है। जल प्रवाह के दौरान आई तकनीकी खामी को दूर करने के लिए जल संसाधन विभाग और एसडीआरएफ की तकनीकी टीमों ने रातभर युद्ध स्तर पर कार्य किया।
स्थिति की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लेते हुए जल संसाधन विभाग और एसडीआरएफ की विशेषज्ञ टीमों को मौके पर भेजा। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विभागीय अधिकारियों और विशेषज्ञों ने लगातार निगरानी करते हुए तकनीकी समस्या को दूर करने का कार्य किया।
तकनीकी खामी दूर होने के बाद लिफ्ट, कैनाल और नदी की दिशा में निर्धारित गेट खोल दिए गए। सबसे महत्वपूर्ण प्रभावित गेट को भी आज तड़के 4:50 बजे खोल दिया गया। इसके लिए टीमें पूरी रात मौके पर जुटी रहीं।
तकनीकी समस्या के समाधान के लिए भरतपुर, बीसलपुर और मथुरा से विशेषज्ञों को बुलाया गया, जिन्होंने मौके पर पहुंचकर आवश्यक सुधार कार्य किए। खास बात यह रही कि करीब 20 वर्षों से बंद पड़े तकनीकी समस्या वाले गेटों को भी खोल दिया गया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा दिल्ली प्रवास के दौरान भी पूरे घटनाक्रम की लगातार जानकारी लेते रहे और अधिकारियों से फीडबैक प्राप्त करते रहे। प्रशासन और विभागीय टीमों की त्वरित कार्रवाई के बाद जल प्रवाह सुचारू हो सका।