लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
मनजीत सिंह, ब्यूरो चीफ श्रीगंगानगर
श्रीगंगानगर: जिले के श्रीकरणपुर में जिला प्रशासन के नेतृत्व में ‘नशा मुक्त राजस्थान’ जन जागृति कार्यक्रम का आयोजन अग्रसेन पार्क में किया गया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया और नशे के खिलाफ लड़ाई में सहयोग करने की शपथ ली।
कार्यक्रम का शुभारंभ संत बाबा आकाश मुनि, खरलां के पूर्व सरपंच पति अवि हेयर सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम को देखने के लिए अग्रसेन पार्क में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी।
कॉमेडी और नाटक से दिया नशा मुक्ति का संदेश
कार्यक्रम में लॉफ्टर चैंपियन कॉमेडियन ख्याली सहारण ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया और नशा मुक्ति का संदेश दिया। वहीं बॉलीवुड अभिनेता गोविंदा के हमशक्ल जूनियर गोविंदा ने भी प्रस्तुति देकर लोगों का उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विक्रम ज्याणी, उनकी पुत्री और सही राम द्वारा प्रस्तुत नाटक रहा। नाटक के माध्यम से नशे के कारण होने वाले सामाजिक और पारिवारिक नुकसान को प्रभावी ढंग से दिखाया गया। प्रस्तुति ने दर्शकों को भावुक कर दिया और युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की गई।
हजारों लोगों ने ली नशे के खिलाफ शपथ
कार्यक्रम में मौजूद हजारों लोगों ने हाथ उठाकर नशे के खिलाफ संघर्ष करने और समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग देने का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का जीवन ही नहीं बिगाड़ता, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है।
प्रशासन ने जताई प्रतिबद्धता
कार्यक्रम में एसडीएम सावित्री बिश्नोई, सीओ पुष्पेंद्र, सीआई शालू, ईओ संदीप, कांग्रेस ओबीसी प्रदेश प्रवक्ता श्याम वर्मा, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश चुघ, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजन तनेजा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा कि जिले को नशा मुक्त बनाने के लिए इस तरह के जागरूकता अभियान लगातार आयोजित किए जाएंगे और आमजन को इससे जोड़कर नशे के खिलाफ व्यापक अभियान चलाया जाएगा।
