लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पादूकलां/डोडियाना: निकटवर्ती ग्राम डोडियाना में आयोजित छह दिवसीय डोडियाना प्रीमियर लीग (डीपीएल) सीजन-2 का सोमवार को भव्य समापन हुआ। प्रतियोगिता में 32 टीमों ने भाग लिया। रोमांचक मुकाबलों के बाद फाइनल में पादूकलां ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पुष्कर को हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में डोडियाना, पादूकलां, पुष्कर और बीटन की टीमें पहुंची थीं। फाइनल मुकाबला पादूकलां और पुष्कर के बीच खेला गया, जिसमें पादूकलां ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का परिचय दिया, वहीं बड़ी संख्या में ग्रामीणों और खेल प्रेमियों ने मैदान पर पहुंचकर मुकाबलों का आनंद लिया। 
समापन समारोह में विजेता पादूकलां टीम को ₹15,000 की नकद राशि एवं ट्रॉफी तथा उपविजेता पुष्कर टीम को ₹7,100 की नकद राशि एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। दोनों टीमों के खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में डॉ. मुकेश कुमार सोनी, रामलाल रिया, संजय कोयल, शाहरुख खान, मंगल गुर्जर, लोकेन्द्र सिंह, भानुप्रकाश, मुबारक खान और पवन दमानी सहित आयोजन समिति के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
समापन समारोह में समाजसेवी नंदकिशोर गटियाला, रामनारायण गटियाला, ग्राम पंचायत डोडियाना के प्रशासक रेखाराम माट, पुनाराम चौयल, नाथूराम मुंडीवाल, भंवरलाल प्रजापत, बाबू खान, मीरा दातार, भैरूराम चौकीदार, कैलाश मेहरा एवं डी.के. मीना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता और उपविजेता टीम को शुभकामनाएं देते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
फाइनल मुकाबले की कमेंट्री जमील खान, मुबारक खान और समीर खान ने की। उनकी जोशीली कमेंट्री ने पूरे मैच के दौरान दर्शकों में उत्साह बनाए रखा और फाइनल मुकाबले को यादगार बना दिया।