लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
भरतपुर/जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को अपने पैतृक गांव अटारी पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र के किसानों और आमजन से संवाद किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रदेश में खुशहाली की कामना की।
मुख्यमंत्री ने गांव में पैदल परिक्रमा कर घर-घर जाकर दीपावली की रामा-श्यामा की और बड़े बुजुर्गों के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने अपने पैतृक घर भी पहुंचकर माताजी के चरण छुए और कुशलक्षेम जाना।
घर-घर भव्य स्वागत
अटारी गांव के ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री का घर-घर भव्य स्वागत किया। उन्होंने ग्रामीणों से मिलकर हाल-चाल जाना और उनके साथ आत्मीयता से बातचीत की।
किसानों से संवाद
मुख्यमंत्री ने किसानों से कहा कि वे आधुनिक खेती अपनाएं और सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय दोगुनी करने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं।
भजनलाल शर्मा ने किसानों को मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के लिए उर्वरक के चयन में सावधानी बरतने और कृषि वैज्ञानिकों के सुझाव अनुसार उपयोग करने की सलाह दी। साथ ही, उन्होंने दलहन एवं नगदी फसलों का चयन करने और केंद्र व राज्य सरकार की कृषि योजनाओं को अपनाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जीएसटी सुधारों से कृषि यंत्रों की खरीद में किसानों को सीधे लाभ मिल रहा है। उन्होंने युवाओं को अच्छी शिक्षा प्राप्त कर सरकारी नौकरियों और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार प्रदाता बनने की प्रेरणा दी।
जनसुनवाई
मुख्यमंत्री ने जनसुनवाई में एक-एक व्यक्ति से मिलकर उनकी समस्याएं सुनी और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर गृह राज्यमंत्री जवाहर सिह बेढ़म, विधायक जगतसिंह सहित स्थानीय जनप्रतिनिधिगण और वरिष्ठ अधिकारीगण मौजूद रहे।