लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
ग्रामीणों और किसानों को मिली लाभ की सौगात
टोंक/जयपुर – मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने निवाई में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर का अवलोकन किया और कहा कि राजस्थान में किसानों का जीवन खुशहाल हो रहा है, गरीबों का उत्थान हो रहा है और युवाओं को रोजगार के भरपूर अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम उत्थान शिविरों के माध्यम से प्रदेशभर के लाखों ग्रामीण विभिन्न योजनाओं से लाभान्वित हो रहे हैं। अब तक 941 शिविरों में 50 हजार से अधिक सोइल हेल्थ कार्ड, 33 हजार स्वामित्व कार्ड, 2 लाख 60 हजार पशुओं की प्राथमिक चिकित्सा और 20 हजार पशुओं का टीकाकरण किया गया। पीएम सूर्य घर योजना के तहत 20 हजार पंजीकरण भी हुए हैं।
शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ग्रामीण विकास के लिए लाए गए वीबी जी राम जी कानून के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित होगा। यह योजना जल सुरक्षा, बुनियादी ढांचा और आजीविका संवर्धन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2014 के बाद देश में हुए अभूतपूर्व बदलाव का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को गैस सिलेंडर, किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं के जरिए राहत दी जा रही है। राज्य सरकार ने रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता, गंगनहर की मरम्मत जैसे ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। किसानों को दिन में बिजली देने की प्रतिबद्धता के तहत प्रदेश के 22 जिलों में बिजली आपूर्ति की जा रही है।
शर्मा ने युवाओं को भी संबोधित करते हुए कहा कि राइजिंग राजस्थान समिट और राजस्थान युवा पॉलिसी के माध्यम से उन्हें रोजगार के नए अवसर मिल रहे हैं। अब तक 1 लाख से अधिक सरकारी पदों पर नियुक्तियां हो चुकी हैं और 1 लाख 54 हजार पदों की भर्ती प्रक्रियाधीन है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 370 करोड़ रुपये से अधिक राशि के 64 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इसमें शिक्षा, स्वास्थ्य, ऊर्जा, बुनियादी ढांचा और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न कार्य शामिल हैं। साथ ही, मल्टी क्रॉप थ्रेसर, किसान क्रेडिट कार्ड, गोपाल क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री कृषक साथी सहायता, शेडनेट हाउस और पॉली हाउस जैसी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक चैक और पीएम कुसुम योजना के सोलर पम्प प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैया लाल, ऊर्जा राज्य मंत्री हीरालाल नागर, विधायक रामसहाय वर्मा, राजेन्द्र गुर्जर सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।